
इस मौके पर मंत्री निशांत कुमार ने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रखे जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया जाना उनके लिए गर्व का विषय है। यह उनके पिता की दूरदृष्टि, मार्गदर्शन और बिहार के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही बिहार की सेवा में उनके करीब 20 वर्षों के योगदान के प्रति सम्मान भी है।
यातायात का दबाव होगा कम
नीतीश सेतु के चालू होने से गंगा नदी पर आवागमन के लिए एक अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध हो गया है। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही पटना और उत्तर बिहार के बीच यात्रा का समय भी घटने की उम्मीद है।
इस पुल से सबसे अधिक फायदा राघोपुर दियारा के लोगों को मिलने की संभावना है। पटना तक उनकी पहुंच आसान होगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी।
किसानों और कारोबारियों को भी मिलेगा फायदा
बेहतर सड़क संपर्क से कृषि उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं का परिवहन आसान होगा। किसानों और कारोबारियों को अपने उत्पाद बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में व्यापार, वाणिज्य और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
9.7 किलोमीटर लंबा है मुख्य पुल
नीतीश सेतु गंगा नदी पर बना एक्सट्राडोज्ड केबल-स्टेयड पुल है। इसकी कुल परियोजना लंबाई 19.7 किलोमीटर है, जिसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर लंबी एप्रोच सड़कें शामिल हैं। यह पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है।
पीएम मोदी ने किया रोड शो
उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली पहुंचे और नीतीश सेतु का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई नेता और अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में रोड शो भी किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए जुटे थे। प्रधानमंत्री ने गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नीतीश सेतु के शुरू होने से बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

